BSEB 10th 12th Exam 2022 : कोरोना महामारी के बढ़ते मामले के चलते कयास लगाए जा रहे थे कि बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा रद्द हो सकती हैं। साथ ही शिक्षक नियोजन की काउंसलिंग पर भी रोक लगाए जाने के कयास थे। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इन कयासों पर अपने एक बयान से ही विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं तय समय पर ही होंगी।
हर जिले के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति
बता दें कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति 1 फरवरी 2022 से आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट की परीक्षा और 17 फरवरी से होने वाली मैट्रिक की परीक्षा के लिए तैयार है। इस बीच इन परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग की ओर से हर जिले के लिए एक-एक नोडल अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। जो कदाचार मुक्त परीक्षा कराने में सहयोग देंगे।
30 जनवरी से नोडल अधिकारी देंगे सेवाएं
सभी नोडल अधिकारी 30 जनवरी से तय जिले के हिसाब से अपनी सेवाएं देंगे। परीक्षा संपन्न होने तक नोडल अधिकारी जिले में रहेंगे। नोडल अधिकारी के मानदेय एवं वाहन की व्यवस्था बोर्ड करेगा। नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि एग्जाम सेंटर पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं दंडाधिकारी समय पर उपस्थित रहें। इतना ही नहीं, बोर्ड ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में होने वाली प्रायोगिक परीक्षा के पैटर्न में भी बड़ा बदलाव किया है।
प्रायोगिक परीक्षा में मार्किंग को लेकर बदलाव
बिहार बोर्ड इस साल प्रायोगिक परीक्षा की मार्किंग स्टेप वाइज करेगा। प्रायोगिक परीक्षा के मार्क्स 25 तक बोर्ड को भेजे जाएंगे। स्कूलों के प्राचार्यों को ही प्रायोगिक परीक्षा के अंक जिला शिक्षा अधिकारी को भेजने होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी दूत के जरिए बोर्ड को रिजल्ट भेजेंगे।
तय समय पर होगी शिक्षक नियोजन की काउंसलिंग
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस दौरान स्पष्ट किया कि शिक्षक नियोजन की काउंसलिंग भी तय समय पर ही होंगी। 17 जनवरी से शिक्षक नियोजन के लिए तीसरे फेज की काउंसलिंग होगी। इसके साथ ही विजय कुमार चौधरी ने ये भी बताया कि शिक्षा विभाग और बिहार सरकार कोरोना जनित हालातों पर नज़र बनाए हुए है। हालिया स्थिति को देखें तो परीक्षाओं को स्थगित नहीं किया जा सकता है। क्योंकि परीक्षा स्थगित या रद्द होने से छात्रों का भविष्य अनिश्चित रहता है। सरकार चाहती है कि परीक्षाएं समय से हों।
बिहार बोर्ड की मैट्रिक की परीक्षा का शेड्यूल
17 फरवरी 2022 | गणित |
18 फरवरी 2022 | विज्ञान |
19 फरवरी 2022 | सामाजिक विज्ञान |
21 फरवरी 2022 | अंग्रेजी |
22 फरवरी 2022 | मातृभाषा (हिंदी, बांग्ला, उर्दू, मैथिली) |
23 फरवरी 2022 | दूसरी भारतीय भाषा (हिंदी बोलने वालों के लिए संस्कृत, भोजपुरी, अरबी, फारसी और गैर-हिंदी भाषियों के लिए हिंदी राष्ट्रीय भाषा के रूप में) |
24 फरवरी 2022 | वैकल्पिक विषय (उच्च गणित, फारसी, संस्कृत, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, अरबी, मैथिली, गृह विज्ञान, ललित कला, नृत्य, संगीत) |
बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा का शेड्यूल
1 फरवरी 2022 | हिंदी, गणित |
2 फरवरी 2022 | अंग्रेजी, भौतिकी |
3 फरवरी 2022 | भूगोल, रसायन विज्ञान, कृषि |
4 फरवरी 2022 | वैकल्पिक विषय ट्रेड पेपर-I, इतिहास, अंग्रेजी , |
7 फरवरी 2022 | जीव विज्ञान, राजनीति विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन |
8 फरवरी 2022 | अर्थशास्त्र, हिंदी |
9 फरवरी 2022 | उद्यमिता, मनोविज्ञान व भाषाएं – उर्दू, मैथिली, संस्कृत, प्राकृत, मगही, भोजपुरी, अरबी, फारसी, पाली, बंगाली |
10 फरवरी 2022 | गृह विज्ञान, वैकल्पिक विषय ट्रेड पेपर-2, फाउंडेशन कोर्स, संगीत |
11 फरवरी 2022 | इलेक्टिव सब्जेक्ट ट्रेड पेपर-3, एनआरबी, सोशियोलॉजी |
12 फरवरी 2022 | एमबी। ऑल्ट इंजीनियरिंग, एमबी मैथिली, फिलॉसफी,अकाउंटेंसी |
14 फरवरी 2022 | भाषाएँ- मगही, फ़ारसी, पाली, भोजपुरी, उर्दू, संस्कृत, प्राकृत, मैथिली, अरबी, कंप्यूटर विज्ञान, बांग्ला; मल्टी मीडिया और वेब |